भाजपा सूत्रों का कहना है कि मुरैना लोकसभा सीट पर निवर्तमान सांसद रहे नरेंद्र सिंह तोमर, पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा, पूर्व सहकारिता मंत्री अरविंद भदौरिया, ब्रजराज सिंह के नाम पैनल में शामिल किए गए हैं। जबकि जबलपुर सीट पर निवर्तमान सांसद रहे राकेश सिंह, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, प्रहलाद पटेल, आशीष दुबे, सुशील तिवारी के नाम शामिल हैं…
मध्यप्रदेश विधानसभा चुनावों में प्रचंड जीत हासिल करने के बाद भाजपा ने अब लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारियां शुरू कर दी हैं। पार्टी लोकसभा चुनाव में भी चौंकाने वाला फैसला ले सकती है। बुधवार को लोकसभा और राज्यसभा चुनाव को लेकर भोपाल में प्रदेश भाजपा कार्यालय में प्रदेश चुनाव समिति की बैठक हुई। इस बैठक में मध्यप्रदेश की 6 लोकसभा सीटों पर उम्मीदवारों के नामों के पैनल तैयार कर केंद्रीय नेतृत्व को भेजे गए हैं। बैठक में कैलाश विजयवर्गीय ने कहा, छिंदवाड़ा से पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान को भी चुनाव लड़ा सकते हैं। हालांकि इसे लेकर फिलहाल भाजपा में कोई फैसला नहीं हुआ है, लेकिन इस तरह की चर्चाएं जरूर शुरू हो गई हैं।
27 फरवरी को मध्यप्रदेश में पांच राज्यसभा की सीटों पर मतदान होना है। ऐसे में भाजपा जल्द ही राज्यसभा के उम्मीदवारों के नाम घोषित करेगी। ऐसा माना जा रहा है कि भाजपा राज्यसभा उम्मीदवारों के साथ ही मध्यप्रदेश की छह लोकसभा सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर सकती है। भाजपा सूत्रों का कहना है कि मुरैना लोकसभा सीट पर निवर्तमान सांसद रहे नरेंद्र सिंह तोमर, पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा, पूर्व सहकारिता मंत्री अरविंद भदौरिया, ब्रजराज सिंह के नाम पैनल में शामिल किए गए हैं। जबकि जबलपुर सीट पर निवर्तमान सांसद रहे राकेश सिंह, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, प्रहलाद पटेल, आशीष दुबे, सुशील तिवारी के नाम शामिल हैं।
सूत्रों का कहना है कि सीधी सीट पर रीती पाठक, शरदेंदु तिवारी, कांतदेव सिंह के नाम शामिल किए गए हैं। दमोह सीट पर प्रहलाद पटेल, ऋषि लोधी, प्रद्युम्न सिंह लोधी, जयंत मलैया के नाम शामिल किए गए हैं। वहीं होशंगाबाद सीट से सीताशरण शर्मा, रामपाल सिंह, नरेंद्र पटेल, विजयपाल सिंह के नाम शामिल किए गए हैं। छिंदवाड़ा सीट पर भाजपा जिलाध्यक्ष बंटी साहू, नत्थन शाह, मोनिका शाह के नाम शामिल किए गए हैं।