UP Budget 2024 Live Updates: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में वित्तमंत्री सुरेश खन्ना ने वित्तीय वर्ष 2024-25 का वार्षिक बजट प्रस्तुत किया। सोमवार को विधानसभा में प्रस्तुत बजट प्रदेश के इतिहास में अबतक का सबसे बड़ा बजट है। बजट का आकार 7 लाख 36 हजार 437 करोड 71 लाख रुपये (7,36,437.71 करोड़ रुपये) है।
प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है: शिवपाल
सपा नेता शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि सरकार हर बार सबसे बड़ा बजट पेश करती है पर उसे खर्च नहीं कर पाती है। प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है। इस बजट से भी कुछ लोगों का ही लाभ होगा जनता को कोई लाभ नहीं होगा। जनता बेरोजगारी और महंगाई से परेशान है।
UP Budget 2024-25 : यूपी सरकार के बजट पर अखिलेश ने साधा निशाना
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने यूपी सरकार द्वारा वित्त वर्ष 2024-25 के लिए पेश किए गए बजट पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के बजट का 90 प्रतिशत हिस्सा सिर्फ 10 प्रतिशत सम्पन्न लोगों के लिए है और 90 प्रतिशत लोगों के लिए सिर्फ 10 प्रतिशत दिया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने युवाओं को नौकरियां देने के लिए कुछ नहीं किया है। बजट में रोजगार देने की बात कही गई है। कहा गया है कि प्रदेश में 40 करोड़ का निवेश आएगा और इससे एक करोड़ से ज्यादा रोजगार पैदा होगा। सरकार ने ये नहीं बताया कि अब तक कितना निवेश आया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ईज ऑफ डूइंग करप्शन बढ़ा है। ईज ऑफ डूइंग क्राइम हुआ है और ईज ऑफ डूइंग चीटिंग बढ़ी है।
अदिति सिंह ने कहा, राम मंदिर को समर्पित बजट सभी रायबरेली वासियों के लिए गर्व की बात
आज विधान सभा के बजट सत्र में भाग लिया। वित्तीय वर्ष 2024-25 का बजट मा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के कुशल नेतृत्व में प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का मजबूत आधार स्तम्भ बनेगा। मैं मा. मुख्यमंत्री जी को धन्यवाद देती हूँ जिन्होंने बजट सत्र के दौरान राम मंदिर निर्माण में हम लोगों द्वारा समर्पित सहयोग राशि की प्रशंसा की। यह हम सभी रायबरेली वासियों के लिए गर्व की बात है कि हम सब रामलला के भव्य मंदिर निर्माण में अपना सहयोग दे पायें। जय श्रीराम।
UP Budget 2024-25 : ‘यह बजट लोक मंगल का है’
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि हमने प्रदेश में बेरोजगारी को नियंत्रित किया है जो कि अब 2.4 फीसदी के आसपास है। कानून व्यवस्था सुदृढ़ होने से निवेश का माहौल बना है जिससे कि आने वाले समय में भी लाखों रोजगार पैदा होंगे। उन्होंने बताया कि प्रदेश को 40 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं जिससे एक करोड़ से अधिक रोजगार पैदा होंगे। हमने गरीब कल्याण और महिला सशक्तिकरण के लिए काम किया है। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विजन है कि यूपी देश के ग्रोथ इंजन के रूप में स्थापित हो। इसके लिए हम लगातार काम कर रहे हैं। हमने प्रदेश में प्रतिव्यक्ति आय को दोगुना कर दिया है। यह बजट प्रदेश की अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाने और अर्थव्यवस्था को वन ट्रिलियन की बनाने में मील का पत्थर साबित होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह बजट लोक मंगल का है। इस बजट से पता चलता है कि उत्सव, उद्योग और उम्मीद अब नए यूपी की पहचान है।
UP Budget 2024-25 : ‘यह प्रदेश का अब तक का सबसे बड़ा बजट’
यूपी सरकार ने वित्त वर्ष 2024-25 के लिए प्रदेश का बजट विधानसभा में पेश कर दिया गया है। इस बजट का आकार 7 लाख 36 हजार करोड़ रुपये से अधिक का है। जो कि प्रदेश के अब तक के इतिहास का सबसे बड़ा बजट है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ये बजट आस्था, अंत्योदय व विकास के लिए है। उन्होंने कहा कि यह बजट समग्र विकास की अवधारणा के साथ प्रभु श्रीराम को समर्पित है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह प्रदेश का अब तक का सबसे बड़ा बजट है। खास बात है कि हमने जनता पर कोई नया कर नहीं लगाया है और इसके बावजूद प्रदेश के राजस्व को बढ़ाने में सफलता प्राप्त की है। हमने राजकोषीय संतुलन बनाए रखने के लिए पूरी प्रतिबद्घता और ईमानदारी से काम किया है।
Up Budget 2024 : पर्यटन भी रहा फोकस में
उत्तर प्रदेश में वर्ष-2023 में जनवरी से अक्टूबर तक 37 करोड़ 90 लाख से अधिक पर्यटक आए, जिनमें भारतीय पर्यटकों की संख्या लगभग 37 करोड़ 77 लाख एवं विदेशी पर्यटकों की संख्या लगभग 13 लाख 43 हजार है। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी अयोध्या में दीपोत्सव का आयोजन वृहद स्तर पर किया गया। इस अवसर पर राम की पैड़ी पर 22 लाख 23 हजार दीप जलाकर गिनीज वल्र्ड रिकार्ड बनाया गया। अयोध्या, वाराणसी, चित्रकूट, लखनऊ, विन्ध्याचल, प्रयागराज, नैमिषारण्य, गोरखपुर, मथुरा, बटेश्वर धाम, गढ़मुक्तेश्वर, शुकतीर्थ धाम, माँ शाकुम्भरी देवी, सारनाथ एवं अन्य महत्वपूर्ण पर्यटन स्थलों का पर्यटन विकास एवं सौन्दर्यीकरण के कार्य कराये जा रहे हैं। ‘‘मुख्यमंत्री पर्यटन विकास सहभागिता योजना‘‘ के अंतर्गत उत्तर प्रदेश के प्रत्येक विधान सभा क्षेत्र में एक पर्यटन स्थल को विकसित किए जाने की योजना है।